एल मॉडल में बनकर तैयार हुआ 147बी ओवरब्रिज, वाई मॉडल की मांग कायम
30 जून तक पूरा होना था निर्माण, दो माह बाद अंतिम चरण में पहुंचा
एल मॉडल में बनकर तैयार हुआ 147बी ओवरब्रिज, वाई मॉडल की मांग कायम
- 30 जून तक पूरा होना था निर्माण, दो माह बाद अंतिम चरण में पहुंचा
- मुख्यमंत्री करेंगे ओवरब्रिज का लोकार्पण, तिथि तय होना बाकी
चौरीचौरा। भोपा बाजार स्थित रेलवे समपार फाटक संख्या 147बी पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज अब लगभग बनकर तैयार हो गया है। पुल पर लेपन समेत अंतिम कार्य चल रहा है। वर्षों से फाटक पर लगने वाले जाम से परेशान क्षेत्रवासियों को अब इसके शुरू होने का इंतजार है। हालांकि, ओवरब्रिज के वाई मॉडल के बजाय एल मॉडल में बनाए जाने को लेकर स्थानीय व्यापारियों और ओबीसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष काली शंकर यदुवंशी की मांग अभी भी कायम है। करीब 59.44 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस ओवरब्रिज का निर्माण वर्ष 2022 में शुरू हुआ था।
परियोजना को पहले वाई मॉडल में स्वीकृत किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में इसके स्वरूप में बदलाव कर एल मॉडल में निर्माण शुरू कर दिया गया। मौजूदा स्वरूप में पुल का एक सिरा शहीद स्मारक की ओर जा रहा है। रेलवे ट्रैक के ऊपर गर्डर लॉन्चिंग का कार्य भी पूरा हो चुका है और अब पुल पर लेपन समेत अन्य अंतिम कार्य किए जा रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों और लोगों का कहना है कि वाई मॉडल में ओवरब्रिज बनने से मुंडेरा बाजार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और आसपास के गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकती थी। उनका तर्क है कि इससे बाजार आने-जाने वाले व्यापारियों और ग्राहकों के साथ सीएचसी में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों तथा उनके तीमारदारों को भी सुविधा मिलती।
इसी मांग को लेकर ओबीसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष काली शंकर यदुवंशी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने पदयात्रा व प्रदर्शन भी किया था। ओवरब्रिज को पहले 30 जून तक पूरा कर यातायात के लिए चालू करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन तय समयसीमा तक काम पूरा नहीं हो सका। अब करीब दो माह बाद निर्माण अंतिम दौर में पहुंचा है। इससे पहले भी परियोजना की समयसीमा कई बार बढ़ चुकी है। रेलवे फाटक बंद होने के दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगने से लोगों को परेशानी होती है। विशेष रूप से ट्रेन गुजरने के समय मरीजों, एंबुलेंस, विद्यार्थियों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को इंतजार करना पड़ता है।
ओवरब्रिज शुरू होने के बाद इस समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों इसका लोकार्पण कराए जाने की चर्चा है। हालांकि, लोकार्पण की आधिकारिक तिथि अभी घोषित नहीं हुई है। इधर, पुल का काम पूरा होने के साथ ही वाई मॉडल की मांग को लेकर स्थानीय लोगों की नजर अब आगे के निर्णय पर टिकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

