कैंसर जागरूकता के लिए सेमिनार का किया गया आयोजन
कैंसर जागरूकता के लिए सेमिनार का किया गया आयोजन
सेमरियावा/संतकबीरनगर। रविवार को विकास खंड सेमरियावां के अवध गर्ल्स इंटर कालेज कड़जा में तेज़ी फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया के तत्वाधान में कैंसर जागरूकता के तहत एक सेमिनार का आयोजन किया गया। इस दौरान काफी संख्या में लोग मौजूद रहें। सेमरियावॉ ब्लाक के अवध गर्ल्स इंटर कॉलेज कड़जा में रविवार को तेज़ी फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया के तत्वाधान में कैंसर जागरूकता के लिए सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के रेडियोथेरेपी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मोहम्मद मामून खान ने कहा कि जब शरीर की सामान्य कोशिकाएं नियंत्रण खो देती हैं और विभाजित होना बंद नहीं करती हैं, तब कैंसर की शुरुआत होती है। इससे ट्यूमर (गाँठ) बन सकता है जो आसपास के अंगों को प्रभावित करता है।
मुख्य रूप से यह सॉलिड ऑर्गन कैंसर और ब्लड कैंसर (जैसे ल्यूकेमिया) में बांटा जाता है। उन्होंने कहा कि शरीर में कोई गांठ या सूजन जो धीरे धीरे बढ़ रही हो, किसी घाव का लम्बे समय तक न भरना, किसी भी जगह से असामान्य रक्तस्त्राव, लगातार खांसी या आवाज बैठना, मल मूत्र की आदतों में बदलाव, निगलने में कठिनाई या दर्द होना, बिना कारण वजन कम होना, भूख कम लगना या बार बार अपच होना, लगातार थकान या कमज़ोरी महसूस होना, लगातार दर्द या बेचौनी जो ठीक न हो आदि लक्षण हैं तो यह कैंसर के सामान्य लक्षण हैं। उन्होंने कहा कि कैंसर आज एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती है। भारत में प्रतिवर्ष लगभग 15-16 लाख नये कैंसर रोगी सामने आ रहे हैं और लगभग नौ लाख लोगों की मृत्यु कैंसर के कारण हो रही है।
उन्होंने बताया कि तम्बाकू से 30 प्रतिशत, संक्रमण-15 प्रतिशत, अस्वास्थ्यकर आहार 10 प्रतिशत, मोटापा/ व्यायाम की कमी 7 प्रतिशत , शराब 5 प्रतिशत, वायु प्रदूषण 5 प्रतिशत, औद्योगिक रसायन 4 प्रतिशत, विकिरण 3 प्रतिशत, आनुवंशिक कारण-10 प्रतिशत, अन्य कारण-11 प्रतिशत कारण हैं। उन्होंने बताया कि तम्बाकू का सेवन न करें, स्वस्थ और संतुलित आहार ले, नियमित व्यायाम करें, शराब से बचें टीकाकरण कराये आदि का ध्यान रखकर कैंसर से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कैंसर के लगभग 40-50 प्रतिशत मामलों को स्वस्थ जीवनशैली, टीकाकरण, तम्बाकू से दूरी और नियमित जांच द्वारा रोका जा सकता है।
उन्होंने विस्तार से कैंसर की जांच, इलाज और अन्य आवश्यक जानकारी दी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश कुमार पाण्डेय, प्रधानाचार्य जमाल अहमद, कमरे आलम सिद्दीकी, कमलेश पाण्डेय, देवोदय मणि त्रिपाठी, अबुल कलाम, सनी, रेनू लोधी सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

