विश्वनाथपुर-महुली मार्ग से समय माता स्थान तक बनेगी नई सड़क, 1.52 करोड़ स्वीकृत
विश्वनाथपुर-महुली मार्ग से समय माता स्थान तक बनेगी नई सड़क, 1.52 करोड़ स्वीकृत
नाथनगर/संतकबीरनगर। नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। लंबे समय से जर्जर पड़ी विशवनाथपुर-महुली मार्ग से प्रसिद्ध समय माता स्थान तक जाने वाली सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। ग्रामीणों के लगातार प्रयास और अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराने की मुहिम आखिरकार रंग लाई है। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली को लेकर विभिन्न माध्यमों से संबंधित अधिकारियों और शासन का ध्यान आकर्षित कराया था। मामले को संज्ञान में लेते हुए शासन ने सड़क निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी है। निर्माण कार्य के लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। करीब एक करोड़ 52 लाख रुपये (152 लाख रुपये) की लागत से सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
वर्षों से बदहाल इस मार्ग के कारण समय माता स्थान पर दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ क्षेत्रीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क निर्माण होने के बाद समय माता स्थान के अलावा जोगाराजा, सिदाही और आसपास के गांवों के हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क बनने से न केवल उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने शासन और संबंधित विभाग के प्रति आभार जताते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

