संतकबीरनगर सड़क हादसे में हेड कांस्टेबल की मौत व दो गंभीर रूप से घायल
सड़क हादसे में हेड कांस्टेबल की मौत व दो गंभीर रूप से घायल
धनघटा/संतकबीरनगर। राम जानकी मार्ग पर टांडा गांव के समीप गुरुवार की सुबह दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक हेड कांस्टेबल की दर्दनाक मौत हो गई। तथा हादसे में दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गयी। वहीं जब घटना की सूचना मृतक के परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। मूल रूप से धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम गाई बसंतपुर निवासी जनार्दन यादव (45) पुत्र रामवृक्ष यादव सिद्धार्थनगर जनपद के हैडिलीया थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनका परिवार गोरखपुर में रहता था। सुबह उन्हें सूचना मिली कि बस्ती जनपद के कुदरहा ब्लॉक स्थित परेवा गांव में उनकी बहन के ससुर का निधन हो गया है। वे अपनी होंडा शाइन बाइक से बहन के घर सांत्वना देने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जनार्दन यादव जैसे ही टांडा गांव के पास पहुंचे, सामने से एक बाइक पर सवार तीन युवक तेज रफ्तार में आ रहे थे।
-कांस्टेबल जनार्दन यादव की मौत से परिजन सदमें में
बताया जा रहा है कि युवक शराब की बोतल लिए हुए थे और लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मैली गांव निवासी आजाद (20) और मिथुन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि जनार्दन यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना जब परिजनों को मिली तो कोहराम जैसा माहौल हो गया। सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हेड कांस्टेबल को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही पत्नी शोभा यादव, बेटी श्रेया (18) और बेटे सौरभ (20) का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। उक्त घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धनघटा अपने हमराहियों के साथ पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
