डीएम की अध्यक्षता में जनपद में धान खरीद की समीक्षा बैठक हुई आयोजित
डीएम की अध्यक्षता में जनपद में धान खरीद की समीक्षा बैठक हुई आयोजित
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में धान खरीद की समीक्षा बैठक विगत दिवस देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व) जयप्रकाश, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह व मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे। बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा अवगत कराया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में शासन द्वारा जनपद में धान खरीद का लक्ष्य 40 हजार मी0टन के सापेक्ष दिनांक 9 दिसम्बर 2025 तक कुल खरीद 4686.79 मी0टन धान की खरीद 995 किसानो से हुई है जो लक्ष्य का 11.71 प्रतिशत है। जनपद में कुल धान खरीद 4688.79 मी0टन के सापेक्ष 1825.46 मी0टन धान का सम्प्रदान मिलरों को हो चुका है।
उन्होंने बताया कि जनपद में 4528 किसानों द्वारा धान विक्रय हेतु पंजीकरण कराया गया है जिसमें से 3073 किसानों का सत्यापन हुआ है शेष 1189 किसानो का सत्यापन लम्बित है। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सभी क्रय केन्द्र प्रभारियों को क्रय केन्द्रों पर निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने सभी धान क्रय केन्द्र प्रभारियों को टोकन रजिस्टर में किसान का नाम, मोबाइल नम्बर, धान विक्रय की अनुमानित मात्रा, पंजीकरण संख्या एवं खरीद की सम्भावित तिथि, किसान द्वारा धान विक्रय तिथि एवं बेची गयी वास्तविक मात्रा को अवश्य अंकित करने हेतु निर्देशित किया। बैठक में सहायक आयुक्त व सहायक निबन्धक (सह0) एवं जिला प्रबन्धक, पी0सी0एफ0 को कम खरीद करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए खरीद में तेजी लाने हेतु निर्देशित किया गया।
तथा सभी क्रय केन्द्र प्रभारियों को क्रय केन्द्रों पर सभी उपकरण एवं अभिलेख व्यवस्थित रूप से रखने हेतु निर्देशित किया गया। सभी केन्द्र प्रभारियों को क्रय केन्द्रों पर लेबर रजिस्टर बनाने एव उसमें लेबर का नाम, पता एवं मोबाइल नम्बर अंकित करने हेतु निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी द्वारा सभी उप जिलाधिकारी, बन्दोबस्त अधिकारी एवं तहसीलदार को धान विक्रय करने हेतु पंजीकृत किसानों का सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर करने हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी द्वारा सभी धान क्रय केन्द्र प्रभारियों को वास्तविक किसानों से धान खरीद करने एवं सभी प्रपत्र (पंजीकरण, खतौनी, आधार, इत्यादि) केन्द्र पर रखने हेतु निर्देशित किया गया और यह भी अवगत कराया गया कि यदि किसी केन्द्र पर फर्जी खरीद की शिकायत प्राप्त होती है तो सम्बन्धित केन्द्र प्रभारी के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी। इस अवसर पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमलेश सिंह, उप निदेशक कृषि डॉ0 राकेश कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी व क्रय केंद्र प्रभारी आदि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
