सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी, आरोपी पर मुकदमा दर्ज
सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी, आरोपी पर मुकदमा दर्ज
संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो वायरल करने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने पति व बहन के साथ करीब एक माह पहले दिल्ली मजदूरी करने गई थी। वहां किराये के मकान में रहने के दौरान नीचे के कमरे में रहने वाले आनन्द कुमार प्रजापति से पहचान हुई। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता और उसकी बहन की फेसबुक से फोटो निकालकर एडिट कर आपत्तिजनक तस्वीरें बना लीं और उन्हें अपने इंस्टाग्राम व व्हाट्सएप पर पोस्ट करने लगा। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया और मना करने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने एडिट की गई तस्वीरें पीड़िता के रिश्तेदारों को भेज दीं, जिससे परिवार में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। डर के कारण पीड़िता अपनी बहन के साथ वापस अपने मायके धनघटा आ गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी और उसके अन्य साथी लगातार फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं तथा अश्लील ऑडियो और एडिट फोटो भेजकर मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने आरोपी आनन्द कुमार प्रजापति पुत्र हनुमान प्रसाद निवासी सागर रौजा, डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर) समेत पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2), 351(4) एवं आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक धनघटा दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि“मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
