सपा कार्यकर्ताओं ने हर्षाेल्लास से मनाई भगवान निषादराज गुह्य की जयंती
सपा कार्यकर्ताओं ने हर्षाेल्लास से मनाई भगवान निषादराज गुह्य की जयंती
-सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने पुष्प अर्पित कर किया नमन
संतकबीरनगर। समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में मेंहदावल नगर क्षेत्र स्थित अतरवास तिलकधारी महाविद्यालय परिसर में रविवार को भगवान निषादराज गुह्य की जयंती हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सपा के पूर्व पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष लौटनराम निषाद तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान निषादराज गुह्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके साथ ही भगवान बुद्ध, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा महर्षि कश्यप के चित्रों पर भी माल्यार्पण कर नमन किया गया। इस अवसर पर सपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। अपने संबोधन में सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने कहा कि भगवान निषादराज गुह्य निषाद समाज के प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों पर चलकर समाज को कुरीतियों से दूर रहना चाहिए तथा शिक्षा को प्रत्येक घर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है।
साथ ही उन्होंने समाज से नशा जैसी बुराइयों से दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम के संयोजक स्वामीनाथ साहनी ने कहा कि समाज में शिक्षा का प्रसार और नशा मुक्ति ही विकास का आधार है। उन्होंने महर्षि कश्यप को प्राचीन वैदिक ऋषियों में प्रमुख बताते हुए उनके योगदान को याद किया। मुख्य अतिथि लौटनराम निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि समाज को महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलकर एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के अभाव में समाज पिछड़ रहा है, इसलिए बच्चों को शिक्षित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाना जरूरी है। साथ ही उन्होंने समाज को भटकाने वाले तत्वों से सतर्क रहने की भी अपील की। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता राधेश्याम निषाद व पूर्व चेयरमैन रामनयन निषाद ने संयुक्त रूप से किया, जबकि अध्यक्षता हरीराम निषाद ने की। इस अवसर पर सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद, लौटनराम निषाद, रामनयन निषाद, राधेश्याम निषाद, सर्वजीत निषाद, केडी यादव, रुक्मिणी निषाद, स्वामीनाथ साहनी, खजांची निषाद, प्रिया पाठक, रियाज अहमद, सुनील सिंह, चंद्रशेखर सिंह, राजू चौधरी, ओमकार यादव, संतोष यादव, मालती यादव सहित हजारों की संख्या में निषाद समाज के लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
