शादी का झांसा देकर महिला कांस्टेबल से बनाता रहा सम्बंध
शादी का झांसा देकर महिला कांस्टेबल से बनाता रहा सम्बंध
संतकबीरनगर। जनपद में एक सिपाही पर महिला कॉन्स्टेबल से शादी करने और फिर दूसरी युवती से विवाह करने का आरोप लगा है। महिला कॉन्स्टेबल की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी सिपाही गाजीपुर जनपद का रहने वाला है और मेंहदावल थाने में तैनात है। पीड़िता महिला सिपाही ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में बताया कि वह पहले बखिरा थाने में नियुक्त थी। उसी दौरान कॉन्स्टेबल आशु यादव, जो ग्राम बिजहरी, थाना भुड़कुड़ा, जनपद गाजीपुर का निवासी है, भी वहीं तैनात था। आशु ने उसे शादी का प्रस्ताव दिया था। महिला सिपाही ने अपनी अनुसूचित जाति का होने की बात कही थी, लेकिन आशु ने कहा कि उसे जाति से कोई आपत्ति नहीं है और वह शादी करेगा। वर्ष 2022 में बखिरा थाने में तैनाती के दौरान दोनों के बीच संबंध स्थापित हो गए। महिला सिपाही लगातार आशु से अपने पिता को रिश्ते के बारे में बताने और शादी की तारीख तय करने के लिए कहती थी। आशु उसे टालता रहा, लेकिन शादी उसी से करने का वादा करता रहा।
महिला सिपाही के अनुसार, आशु यादव ने उससे निजी तौर पर शादी भी की थी, जिसकी तस्वीरें उसके फोन में थीं। आशु ने उससे लगातार शारीरिक संबंध बनाए। वह उसे कई बार होटल ले गया और अक्सर उसके कमरे पर भी आता था। जब महिला सिपाही खलीलाबाद आई, तब भी आशु उससे मिलने आता था। शादी की बात को लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़ा भी हुआ। करीब चार माह पहले महिला सिपाही ने अपने पिता को इस रिश्ते के बारे में बताया। लगभग तीन महीने पहले दोनों में फिर झगड़ा हुआ, जिसके बाद आशु ने बात करना कम कर दिया। कुछ समय बाद आशु ने गांव जाकर दूसरी युवती से विवाह कर लिया। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
