महुली थाना क्षेत्र में कड़ी हुई रात की निगरानी
महुली थाना क्षेत्र में कड़ी हुई रात की निगरानी
महुली थाना क्षेत्र में कड़ी हुई रात की निगरानी
-नवागत थाना प्रभारी दुर्गेश पाण्डेय की सक्रियता से बढ़ा सुरक्षा का एहसास, खुद संभाली कमान
धनघटा/संतकबीरनगर। थाना महुली में नवागत थाना प्रभारी दुर्गेश पांडे के पदभार ग्रहण करते ही कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख दिखाई देने लगा है। विशेष रूप से रात्रि गश्त को लेकर उनकी कार्यशैली चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां पहले कुछ क्षेत्रों में रात्रि ड्यूटी महज औपचारिकता तक सीमित मानी जाती थी और कई स्थानों पर जिम्मेदारी केवल होमगार्ड के भरोसे चलती थी, वहीं अब स्थिति में स्पष्ट बदलाव नजर आ रहा है। नवागत थाना प्रभारी दुर्गेश पाण्डेय ने रात की गश्त को प्राथमिकता देते हुए स्वयं मैदान में उतरकर कमान संभाल ली है। वे लगातार रात में विभिन्न मोहल्लों, प्रमुख चैराहों और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर रहे हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति और सतर्कता की मौके पर जांच की जा रही है। थाना प्रभारी का यह रुख स्पष्ट संकेत दे रहा है कि ड्यूटी अब केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जमीनी स्तर पर भी प्रभावी रूप से लागू होगी। रात के सन्नाटे में पुलिस वाहन की सायरन और चमकती फ्लैश लाइट अब महुली क्षेत्र में सक्रिय पुलिसिंग की पहचान बन चुकी है। थाना प्रभारी स्वयं संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ कर रहे हैं। वाहनों की सघन जांच की जा रही है और बिना कारण देर रात तक घूमने वालों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। इससे असामाजिक तत्वों में खौफ का माहौल बनता दिखाई दे रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पहले रात में पुलिस की मौजूदगी कम महसूस होती थी, लेकिन अब नियमित गश्त और अधिकारी की सीधी निगरानी से सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। व्यापारियों और आमजन ने भी इस पहल का स्वागत किया है। उनका मानना है कि यदि इसी तरह निरंतर निगरानी बनी रही तो क्षेत्र में अपराध की घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी। संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पेट्रोल पंप, बाजार क्षेत्र, सुनसान सड़कें और बाहरी मार्गों पर पुलिस की लगातार आवाजाही देखी जा रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी में ढिलाई बरतने वाले कर्मियों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रात्रि गश्त की यह सख्ती एक रणनीतिक पहल है, जिसका उद्देश्य चोरी, लूटपाट और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। थाना प्रभारी की सक्रिय भागीदारी से अधीनस्थों में भी जिम्मेदारी की भावना बढ़ी है। अधिकारियों की मौजूदगी से पुलिस बल का मनोबल ऊंचा हुआ है और कार्यप्रणाली में सुधार दिखाई दे रहा है। नवागत थाना प्रभारी दुर्गेश पांडे ने कहा कि पुलिस का मुख्य दायित्व आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। यदि अधिकारी स्वयं निगरानी करेगा तो व्यवस्था स्वतः मजबूत होगी। उन्होंने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। महुली में बदली यह तस्वीर पुलिस की जवाबदेही और सक्रिय नेतृत्व का उदाहरण बन रही है। रात के अंधेरे में गूंजती सायरन अब भय नहीं, बल्कि सुरक्षा का संदेश दे रही है। थाना महुली में नवागत प्रभारी की पहल से साफ है कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
