मतदाता सूची की शुद्धता पर सख्त कमिश्नर, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मतदाता सूची की शुद्धता पर सख्त कमिश्नर, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मेंहदावल/संतकबीरनगर। बस्ती मंडल के कमिश्नर अखिलेश सिंह ने शुक्रवार को मेंहदावल तहसील पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कमिश्नर ने कहा कि मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन नागरिकों की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और वे मतदाता बनने के पात्र हैं, उनका नाम हर हाल में मतदाता सूची में जोड़ा जाए। वहीं, मृतक या क्षेत्र से स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके लोगों के नाम सूची से हटाने की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और सावधानी के साथ की जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की स्थिति भी जानी और संबंधित अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली।
कमिश्नर ने यह भी कहा कि मतदाता सूची में लगाए जाने वाले फोटो स्पष्ट और गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए, ताकि भविष्य में पहचान को लेकर किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसकी सफलता सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। यदि अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र में पूरी तरह शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार हो सके। इस मौके पर एसडीएम संजीव कुमार राय सहित तहसील व निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
