गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को संरक्षण दे रहे मान्यता प्राप्त स्कूल, जांच में खुली पोल
गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को संरक्षण दे रहे मान्यता प्राप्त स्कूल, जांच में खुली पोल
-सचिव के निर्देश पर गठित टीम ने किया निरीक्षण, शिक्षा विभाग में बड़े घोटाले की आशंका
लोहरैया/संतकबीरनगर। माध्यमिक शिक्षा विभाग के सचिव भगवती सिंह के निर्देश पर प्रदेश भर में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों का आंकड़ा जुटाने तथा यह पता लगाने के लिए कि ऐसे विद्यालय अपने विद्यार्थियों का पंजीकरण किन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में करा रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षकों को जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को धनघटा तहसील क्षेत्र के हैंसर विकासखंड में गठित जांच टीम ने क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। जांच में कई विद्यालय नियमों के विपरीत संचालित होते पाए गए।जिससे शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर अनियमितताओं और घपले की आशंका जताई जा रही है। निरीक्षण के दौरान तहसील मुख्यालय स्थित रामअवध चिल्ड्रेन एकेडमी में कक्षा आठ तक की मान्यता होने के बावजूद 12वीं तक कक्षाएं संचालित होती मिलीं।
जांच में पता चला कि विद्यालय के विद्यार्थियों का संबद्ध गोरखपुर जनपद के एक विद्यालय से कराया जा रहा है। इसी प्रकार बाल विद्यालय प्रसादपुर धनघटा में भी केवल आठवीं तक मान्यता होने के बावजूद 12वीं तक पढ़ाई कराई जा रही थी। निरीक्षण टीम के पहुंचने पर विद्यालय स्टाफ और छात्र संबद्ध विद्यालय का नाम बताने से बचते नजर आए। फ्यूचर जोन यूनिक फाउंडेशन, धनघटा में आठवीं तक मान्यता के बावजूद 10वीं तक कक्षाएं संचालित होती मिलीं। यहां के विद्यार्थियों का पंजीकरण शिवशंकर बालिका इंटर कॉलेज रानीपुर, संतकबीरनगर से कराया जाता है। जय हिंद पूर्व माध्यमिक विद्यालय मलौली में भी आठवीं तक मान्यता के बावजूद 10वीं तक की पढ़ाई कराई जा रही थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
