अनियंत्रित बाइक से गिरकर एक की मौत, महुली थाना क्षेत्र हुआ हादसा, हरनहीं गांव का निवासी था मृतक शनि कुमार
महुली थाना क्षेत्र के कुशहवा बाजार के निकट रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके साथ बाइक पर सवार एक 12 बर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। धनघटा थाना क्षेत्र के हरनही गांव निवासी शनि कुमार (27) पुत्र सुग्रीम महुली थाना क्षेत्र के मड़हाजोत गांव में रिश्तेदारी में आया हुआ था। रविवार को वह रिश्तेदार के पुत्र विवेक कुमार को बाइक पर बैठाकर देईसाड़ किसी कार्य से गया था। वापस लौटते समय महुली-बस्ती मार्ग पर कुशहवा बाजार के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक गिरते ही शनि कुमार का सिर सड़क से टकरा गया।
जिससे उसका सिर फट गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं पीछे बैठा विवेक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही महुली पुलिस मौके पर पहुंच गई, और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। उधर शनि कुमार की मौत की खबर जैसे ही हरनही गांव पहुंची। पूरे गांव में मातम छा गया। पत्नी सुधा देवी पति के वियोग में बदहवास हो गईं। तीन वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ और छह माह के मासूम सितांसु के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
मृतक की मां गुड्डी देवी जवान बेटे के शव को देखकर बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। वहीं बहनें माला, खुशी और सोनाली भाई की असमय मौत पर बिलख-बिलख कर रोती रहीं। परिवार की चीत्कार सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

