10 साल बाद जागा प्रशासन, मेंहदावल में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
10 साल बाद जागा प्रशासन, मेंहदावल में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
मेंहदावल/संतकबीरनगर। मेंहदावल नगर पंचायत में गुरुवार को प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर पूरे नगर में हड़कंप मचा दिया। लगभग 10 वर्षों बाद हुई इस बड़ी बुलडोजर कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। प्रशासन की टीम जैसे ही नगर पंचायत कार्यालय से अभियान शुरू कर आगे बढ़ी, वैसे ही कई दुकानदारों और कब्जाधारकों ने खुद ही अपने अवैध निर्माण हटाने शुरू कर दिए। यह अभियान सीएचसी तिराहे से शुरू होकर बाराखाल मंदिर तक चलाया जा रहा है। प्रशासन ने नाली के ऊपर किए गए कब्जे, टीन शेड, सड़क किनारे बढ़ाई गई दुकानें और अन्य अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। बताया जा रहा है कि इससे पहले वर्ष 2016 में तत्कालीन एसडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी के नेतृत्व में नगर में इसी तरह का बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया था।
उसके बाद बीच-बीच में केवल छोटी कार्रवाई होती रही, लेकिन इस बार प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े स्तर पर अभियान छेड़ दिया है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम मेंहदावल अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी सर्वदमन सिंह और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार ने किया। उनके साथ तीन दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी और प्रशासनिक कर्मचारी मौजूद रहे। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को देखकर नगरवासियों और राहगीरों में खुशी का माहौल दिखाई दिया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क और नालियों पर कब्जे के कारण जाम और गंदगी की समस्या बनी हुई थी, जिससे आम जनता को काफी परेशानी होती थी।
अब प्रशासन की इस कार्रवाई से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। एसडीएम अरुण कुमार ने स्पष्ट कहा कि नगर को हर हाल में अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाएंगे, उनके खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अस्पताल तिराहे से बाराखाल मंदिर तक जिन लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, वे तत्काल उसे हटा लें, अन्यथा बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जे हटाए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
