रास्ते में रोककर युवक पर हमला, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मेंहदावल थाना क्षेत्र के कुड़वा गांव में दवा लेकर घर लौट रहे युवक पर रास्ते में रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुड़वा गांव निवासी अवधेश पुत्र केसर ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका भाई संजय अपनी बच्ची की दवा लेकर साइकिल से घर वापस लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में कब्रिस्तान के पास गांव के ही इन्द्रजीत, अंकुर, प्रिंस और विजय ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने लात-घूंसों, सरिया तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार हमले में संजय गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर बेहोश हो गया। घटना की सूचना राहगीरों के माध्यम से परिजनों को मिली। आनन-फानन में घायल को सीएचसी मेंहदावल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपित जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। पुलिस ने मामले में चारों आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3) और 110 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष मेंहदावल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। घायल युवक का उपचार चल रहा है तथा आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
