नीट यूजी 2026 परीक्षा में देवराज यादव की शानदार सफलता
नीट यूजी 2026 परीक्षा में देवराज यादव की शानदार सफलता
धनघटा/संतकबीरनगर। धनघटा तहसील अंतर्गत विकासखंड नाथनगर के जयराम पट्टी गांव के होनहार छात्र देवराज यादव ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित चिकित्सा प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे जनपद, क्षेत्र, परिवार एवं गुरुजनों का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। देवराज यादव ने नीट यूजी 2026 में 720 में से 608 अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने 99.6079 परसेंटाइल हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक (एआइआर) 7641 प्राप्त की है। वहीं ओबीसी एनसीएल श्रेणी में उनकी ऑल इंडिया रैंक 3306 रही है। यह उपलब्धि उनकी कठिन मेहनत, अनुशासित अध्ययन, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयासों का प्रतिफल है। देवराज यादव आधा दर्जन शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक एवं शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले बाबूलाल यादव के पुत्र हैं। शिक्षा और संस्कारों से समृद्ध पारिवारिक वातावरण में पले-बढ़े देवराज ने अपनी प्रतिभा और अथक परिश्रम के बल पर यह सफलता अर्जित कर यह सिद्ध कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया जा सकता है। इस गौरवपूर्ण सफलता पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों, शिक्षकों, समाजसेवियों तथा शुभचिंतकों ने देवराज यादव और उनके परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। प्रमुख रूप से अखिलेश यादव, संत मणि यादव, रामशंकर यादव, नागेंद्र प्रसाद यादव, रामजतन यादव, शीला यादव सहित अनेक लोगों ने देवराज की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने उन्हें इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर प्रगति की कामना की है। क्षेत्रवासियों का विश्वास है कि देवराज आने वाले समय में चिकित्सा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूते हुए अपने परिवार, जनपद और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक रोशन करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

