धर्मसिंहवा में मूर्ति खंडित करने वाले को पुलिस ने लिया हिरासत में
धर्मसिंहवा में मूर्ति खंडित करने वाले को पुलिस ने लिया हिरासत में
- पुलिस नें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना का किया खुलासा, निकला मानसिक विक्षिप्त
संतकबीरनगर। थाना धर्मसिंहवा पुलिस की त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना का खुलासा किया। एएसपी सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ मेंहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष धर्मसिंहवा सुरेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा थाना क्षेत्र में हुई मूर्ति खंडित करने की घटनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त किया। पुलिस ने बताया कि बीते 3 अगस्त 2026 को नगर पंचायत धर्मसिंहवा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में स्थापित भगवान शिव एवं अन्य प्रतिमाओं के खंडित होने तथा ग्राम हरैया स्थित माता जी के स्थान पर स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने संबंधी दो अलग-अलग प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ था।
इस संबंध में थाना धर्मसिंहवा पर क्रमशः मु0अ0सं0 86/2026 एवं मु0अ0सं0 87/2026, धारा 298 बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर जांच प्रारंभ किया गया। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम नें तत्काल आसपास के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान प्राप्त सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रेमचंद पुत्र रामदीहल मिश्र, निवासी प्रतापपुर, थाना बखिरा को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच एवं पूछताछ के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति मानसिक रूप से विक्षिप्त है। प्रकरण के सभी तथ्यों की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है। पुलिस जनपद में शांति, कानून-व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने एवं केवल आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करने की अपील करती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

