खलीलाबाद नगर पालिका बोर्ड बैठक में गरजे सदर विधायक अंकुर राज तिवारी, रुके विकास कार्यों को जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
खलीलाबाद नगर पालिका बोर्ड बैठक में गरजे सदर विधायक, रुके विकास कार्यों को जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
-बोर्ड बैठक में विधायक अंकुर राज तिवारी का सख्त संदेश विकास कार्यों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, अफवाह फैलाने वालों को दिया करारा जवाब
खलीलाबाद/संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद की आयोजित बोर्ड बैठक में सदर विधायक अंकुर राज तिवारी और सांसद ने शिरकत कर नगर क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में नगर पालिका के विभिन्न लंबित एवं प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान विधायक अंकुर राज तिवारी ने अधिशासी अधिकारी (ईओ) सहित संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में जो भी विकास कार्य लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सभी की जिम्मेदारी है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
विधायक ने यह भी निर्देश दिया कि नगर पालिका द्वारा कराए जाने वाले सभी विकास कार्यों के साइन बोर्ड पर संबंधित सभासदों का नाम अंकित किया जाना अनिवार्य होगा, ताकि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विधायक ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने तथा गुणवत्ता के साथ उन्हें पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान विधायक अंकुर राज तिवारी ने विकास कार्यों में बाधा डालने को लेकर फैल रही विभिन्न भ्रांतियों और अफवाहों पर भी खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक कारणों से जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि उनकी प्राथमिकता केवल और केवल नगर का विकास है। विधायक ने तथ्यों के साथ इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और किसी भी परियोजना को जानबूझकर रोकने का प्रश्न ही नहीं उठता।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं सभासदों ने भी अपने-अपने वार्डों की समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों को रखा। अंत में नगर के समग्र विकास के लिए सभी के सहयोग और समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

