सीएम योगी के आगमन को लेकर तैयारियां तेज, होर्डिंग-बैनर से पटा जिला संतकबीरनगर
सीएम योगी के आगमन को लेकर तैयारियां तेज, होर्डिंग-बैनर से पटा जिला संतकबीरनगर
-टिकट के दावेदारों में मची होड़, वर्तमान व पूर्व विधायकों ने झोंकी ताकत; जगह-जगह बनाए जा रहे स्वागत द्वार
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासनिक स्तर पर जहां कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी हलचल बढ़ गई है। मुख्यमंत्री के स्वागत के बहाने टिकट के दावेदारों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन शुरू कर दिया है। शहर से लेकर प्रमुख मार्गों तक बड़े-बड़े होर्डिंग, बैनर और पोस्टर लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए प्रमुख चौराहों और मार्गों पर जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। वर्तमान और पूर्व विधायकों के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी कर रहे नेता भी स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। समर्थकों की टीम को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं और अधिक से अधिक लोगों की मौजूदगी सुनिश्चित करने की कवायद चल रही है। मुख्यमंत्री के आगमन को टिकट के दावेदार अपने लिए अहम अवसर के रूप में देख रहे हैं। स्वागत द्वार और होर्डिंग के जरिए दावेदार अपनी सक्रियता और संगठन में पकड़ दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। किस नेता के स्वागत में कितनी भीड़ जुटती है और किसका होर्डिंग प्रमुख स्थान पर नजर आता है, इसे लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
प्रशासनिक तैयारियां भी जोर पर
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस महकमा भी तैयारियों में जुटा है। कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्गों पर साफ-सफाई, यातायात, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। डीएम आलोक कुमार व पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना नें संबंधित विभागों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जिस तरह जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हुई हैं, उससे साफ है कि यह दौरा प्रशासनिक कार्यक्रम के साथ-साथ स्थानीय राजनीति के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सीएम योगी के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, जगह-जगह बैरिकेडिंग की व्यवस्था
-सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन मुस्तैद, कार्यक्रम स्थल से लेकर प्रमुख मार्गों पर तैयारियां तेज
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल के साथ ही मुख्यमंत्री के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां बैरिकेडिंग लगाने का काम किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लिया जा रहा है। यातायात को नियंत्रित करने और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जा रही है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रमुख मार्गों पर आने-जाने वाले वाहनों की निगरानी के साथ ही भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासनिक अमला कार्यक्रम स्थल पर मंच, पार्किंग, प्रवेश और निकास सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
पास और प्रवेश को लेकर बढ़ी सक्रियता
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मीडिया कर्मियों के प्रवेश और कवरेज के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसी को लेकर पत्रकारों में पास हासिल करने की सक्रियता बढ़ गई है। सुबह से ही सूचना विभाग के कार्यालय के आसपास मीडिया कर्मियों की आवाजाही देखी जा रही है। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम होने के कारण स्थानीय पत्रकारों के लिए भी यह महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े पत्रकार अपने क्षेत्र की खबरों को प्रमुखता से सामने रखने के लिए कार्यक्रम की कवरेज करना चाहते हैं। वहीं शहरी क्षेत्र के पत्रकार भी कार्यक्रम से जुड़ी पल-पल की गतिविधियों को अपने समाचार माध्यमों तक पहुंचाने की तैयारी में जुटे हैं। कार्यक्रम में सुरक्षा मानकों के चलते कितने पत्रकारों को प्रवेश मिलेगा और किस तरह की कवरेज व्यवस्था रहेगी, इसे लेकर सूचना विभाग की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले प्रशासन के साथ-साथ पत्रकारों की भी तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

