युवती ने की आत्महत्या, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
युवती ने की आत्महत्या, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
-10 साल पहले हुई थी शादी, दो मासूम बच्चों को छोड़ गई मां
संतकबीरनगर। थाना धनघटा क्षेत्र के ग्राम मुड़ाडीहा में एक विवाहिता द्वारा कथित पारिवारिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोरखपुर जनपद के थाना चिलुवाताल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहम्मदपुर माफी टोला खरबुजहवा निवासी बृजलाल साहनी ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी पुत्री छाया की शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व मुड़ाडीहा निवासी आत्मा पुत्र लालमन के साथ हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 6 वर्ष और 6 माह बताई जा रही है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, पारिवारिक विवाद को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर कहा सुनी होती रहती थी। आरोप है कि पति आत्मा, परमात्मा, लालमन एवं परमात्मा की पत्नी द्वारा उनकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। बताया गया कि दिनांक 26 मार्च 2026 को उक्त सभी आरोपी एक राय होकर छाया के साथ मारपीट किए, जिससे आहत होकर उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना देर रात करीब एक बजे परिजनों को मिली। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। इस मामले में धनघटा पुलिस ने आरोपी आत्मा, परमात्मा, लालमन तथा परमात्मा की पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस 2023 की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
