मीटर रीडरों ने प्रदर्शन किया, जिलाधिकारी को सौंपा पत्र
मीटर रीडरों ने प्रदर्शन किया, जिलाधिकारी को सौंपा पत्र
-वेतन,पीएफ कटौती और सुपरवाइजरों की बहाली की मांग
संतकबीरनगर। जनपद संतकबीरनगर के विद्युत वितरण खंड मेंहदावल और खलीलाबाद सहित अन्य खंडों के मीटर रीडरों ने सोमवार को खलीलाबाद के कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर जिलाधिकारी को एक पत्र सौंपा। इस पत्र में वेतन भुगतान, पीएफ और बिल भुगतान में कटौती रोकने तथा सर्किल इंचार्ज व सभी सुपरवाइजरों को बहाल करने की मांग की गई है। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने इन विषयों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मीटर रीडरों ने बताया कि संतकबीरनगर सर्कल की टीम पिछले कई महीनों से उपभोक्ताओं के घर जाकर वास्तविक मीटर रीडिंग के आधार पर ईमानदारी से बिलिंग का कार्य कर रही थी। उनके सर्किल इंचार्ज ने कर्मचारियों की वेतन और पीएफ/ईएसआई संबंधी समस्याओं को लेकर प्रबंधन से बातचीत की थी।
इसके बाद, जोनल अधिकारी ने 23 तारीख को अपने अधिकारों का कथित अनुचित प्रयोग करते हुए सर्किल इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से हटा दिया। 3 मार्च को जनपद के सभी खंड पर्यवेक्षकों को भी कार्यमुक्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से कर्मचारियों में गहरा असंतोष है। मीटर रीडरों ने आरोप लगाया है कि जनपद में 205 मीटर रीडर, 12 सुपरवाइजर और 1 सर्किल मैनेजर कार्यरत थे। उन्होंने उच्च प्रबंधन को अपनी मांगों से अवगत कराया है, लेकिन उन्हें केवल आईडी लॉग इन करके काम करने की धमकी दी जा रही है, अन्यथा आईडी बंद करने की चेतावनी दी जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि वे 7 से 8 वर्षों से काम कर रहे हैं और उपभोक्ताओं को सही बिल देना उनका कर्तव्य रहा है। हालांकि, उनकी जगह कुछ नए लोगों को रखा गया है जो बिना मौके पर गए एक जगह बैठकर हजारों बिल बना रहे हैं। मीटर रीडरों ने मांग की है कि प्रत्येक माह की 1 से 7 तारीख के बीच नियमित रूप से वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
पत्र सौंपने वालों में राजमणि कृष्ण शर्मा, सुमित कुमार, सुशील कुमार, राजमान कुमार, धीरेंद्र प्रताप, अरुण कुमार, बृजेश कुमार वशिष्ठ, विनय मिश्रा, मृत्युंजय, विकास, राजेश यादव, राजेंद्र प्रसाद, अरविंद कुमार, संतोष कुमार, संगीता रंजन चौधरी, पूसा, विंध्यवासिनी, रीता, बबिता, सुमन, मित्र देवी, अमित यादव, ऋषभ पाठक, हिमांशु, रामचंद्र यादव सहित अन्य मीटर रीडर शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
