संदिग्ध हालात में प्रसूता की मौत, पीएम को भेजा गया शव
संदिग्ध हालात में प्रसूता की मौत, पीएम को भेजा गया शव
- शरीर पर चोट के निशान होने का मायका वालो का आरोप, सीओ व थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर की जांच
- पुलिस ने शव कब्जे में लिया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
नाथनगर/संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के लोहारडाड़ी गांव में शनिवार भोर एक प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हो हल्ला मचाने लगे। सूचना मिलते ही सीओ अभय नाथ मिश्र और थानाध्यक्ष दुर्गेश पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में मायके पक्ष की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। लोहारडाड़ी गांव निवासी श्रीकृष्ण यादव के अनुसार उसकी पत्नी प्रियंका उर्फ बबिता ने छह अगस्त को घर पर ही एक बच्ची को जन्म दिया था। दुर्भाग्य से बच्ची मृत पैदा हुई थी। शनिवार भोर श्रीकृष्ण यादव जब पत्नी के कमरे में पहुंचा और आवाज दी।
लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शरीर में कोई हलचल नहीं होने पर उसने देखा तो प्रियंका की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी होते ही गांव में खबर फैल गई और देखते ही देखते घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच सूचना पाकर मृतका के मायके धनघटा क्षेत्र के कुड़वा रोशया गांव से उसके चाचा सफेडू और मामा योगेंद्र यादव समेत अन्य महिला-पुरुष भी मौके पर पहुंच गए। मायके वालों ने प्रियंका की मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि मृतका के शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान हैं और उसे ससुराल में आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ अभय नाथ मिश्र और थानाध्यक्ष दुर्गेश पाण्डेय मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

