पुलिस के सामने युवक की पिटाई, जमीन विवाद में दबंगों ने लाठी-डंडों से पीटा
पुलिस के सामने युवक की पिटाई, जमीन विवाद में दबंगों ने लाठी-डंडों से पीटा
मेंहदावल/संतकबीरनगर। मेंहदावल तहसील क्षेत्र के नंदौर चौराहे पर रविवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने एक युवक की पुलिस के सामने ही बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि विपक्षियों ने युवक को मैजिक वाहन से बाल पकड़कर नीचे खींच लिया और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद दिखाई दे रहा है। जानकारी के अनुसार नंदौर गांव निवासी गब्बू लाल का अपने पड़ोसियों से करीब 16 वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मामला वर्तमान में हाईकोर्ट में विचाराधीन बताया जा रहा है। रविवार को गब्बू लाल का बेटा सुमित निजी कार्य से मैजिक वाहन से मेंहदावल जा रहा था। तभी नंदौर चौराहे पर विपक्षियों ने वाहन रुकवा लिया।
आरोप है कि वाहन रुकवाने के बाद दबंगों ने सुमित को बाल पकड़कर बाहर खींच लिया और भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर हटने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो में मारपीट के दौरान एक पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी खुद को बचाते नजर आ रहे हैं, जबकि युवक की पिटाई जारी रहती है। इस घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मारपीट में गंभीर रूप से घायल सुमित को परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घायल युवक की मां और भाई ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घायल सुमित का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। वहीं बखिरा थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। घायल का मेडिकल कराया जा रहा है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
