आवास सूची से नाम गायब होने पर पीड़ित ने तहसील दिवस में लगाई गुहार
आवास सूची से नाम गायब होने पर पीड़ित ने तहसील दिवस में लगाई गुहार
बेलहर/संतकबीरनगर। बेलहर विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुल्हाड़ियां में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से नाम गायब होने का मामला सामने आया है। छप्पर में रहकर परिवार का गुजर-बसर कर रही महिला ने ग्राम प्रधान और सचिव पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए तहसील दिवस में अधिकारियों से शिकायत कर जांच कराने और आवास दिलाने की मांग की है। ग्राम पंचायत कुल्हाड़ियां निवासी आशा देवी पत्नी चन्द्रभान ने अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह अपने परिवार के साथ लंबे समय से छप्पर में रह रही हैं। बारिश, गर्मी और ठंड के मौसम में परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि उनका नाम आवास योजना की सूची में शामिल था और आवास को लेकर दो बार जांच भी की गई थी। पीड़िता का आरोप है कि जांच के नाम पर उससे चार हजार रुपये भी लिए गए थे। इसके बावजूद तीसरी बार जब आवास की सूची जारी हुई तो उसका नाम गायब कर दिया गया। नाम सूची से हटने की जानकारी होने के बाद पीड़िता ने तहसील दिवस में पहुंचकर अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी। आशा देवी ने अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सूची से नाम हटाए जाने का कारण पता करने तथा पात्रता के आधार पर उसे आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। शिकायत के बाद अब मामले की जांच और कार्रवाई को लेकर पीड़ित परिवार को अधिकारियों से उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

