थरौली में मारपीट का मामला गरमाया, दूसरे पक्ष के 9 नामजद, 15 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
थरौली में मारपीट का मामला गरमाया, दूसरे पक्ष के 9 नामजद, 15 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
मेंहदावल/संतकबीरनगर। थाना क्षेत्र के ग्राम थरौली में तीन दिन पूर्व हुई हिंसक मारपीट का मामला अब और तूल पकड़ता जा रहा है। पहले एक पक्ष की तहरीर पर कार्रवाई करने के बाद पुलिस ने अब दूसरे पक्ष के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस बार 9 नामजद समेत 15 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिससे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थरौली निवासी परमात्मा निषाद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 26 अप्रैल की शाम वह अपने एक मित्र के साथ चारपहिया वाहन से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पीछे से आ रहे नीरज ने पानी से भरा डिब्बा लादे वाहन से टक्कर मार दी। विवाद बढ़ने पर नीरज ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया। आरोप है कि कुछ ही देर में नीरज अपने साथियों के साथ लाठी-डंडा, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी लेकर पीड़ित के घर पहुंच गया। हमलावरों ने घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और परमात्मा की मां सुभावती पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ीं। यहीं नहीं, आरोपियों ने पीड़ित के मित्र राकेश यादव के घर पर भी धावा बोलते हुए उनके साथ भी मारपीट की। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। पहले दिन घायल पक्ष के आधार पर एक मुकदमा दर्ज किया गया था। अब दूसरी तरफ से मिली तहरीर के आधार पर भी केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस दोहरी कार्रवाई के बाद गांव में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है, वहीं ग्रामीणों को अब निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
