जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर लोजपा ने ग्रामीणों संग संत कबीर नगर डीएम को सौंपा ज्ञापन
जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर लोजपा ने ग्रामीणों संग संत कबीर नगर डीएम को सौंपा ज्ञापन
- सुबखरी तिराहा पुलिया-सिदाही एवं हरपुर-बन्धुपुर मार्ग की बदहाली से ग्रामीण परेशान, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
नाथनगर/संतकबीरनगर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष लालचंद्र दुसाध के नेतृत्व में कई दर्जन ग्रामीणों ने मंगलवार को जिलाधिकारी, को सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र की सुबखरी तिराहा पुलिया से सिदाही मार्ग तथा हरपुर से बन्धुपुर तक जर्जर पिच सड़कों की शीघ्र मरम्मत और पुनर्निर्माण कराए जाने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि विकास खंड नाथनगर क्षेत्र में सुबखरी तिराहा पुलिया से जोगाराजा, भिनखिनी खुर्द, बहराई एवं केवटहिया होते हुए ग्राम पंचायत सिदाही तक जाने वाली लगभग पांच किलोमीटर लंबी पिच सड़क लंबे समय से मरम्मत और रखरखाव के अभाव में अत्यंत जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं तथा गिट्टियां उखड़ने से आवागमन कठिन और जोखिमपूर्ण हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्कूली वाहन और बसें गांवों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। इससे बच्चों को विद्यालय आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि जर्जर सड़क के कारण गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी भारी दिक्कतें होती हैं। कई बार एंबुलेंस के गांव तक नहीं पहुंच पाने के कारण मरीजों को वैकल्पिक और कठिन रास्तों से मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उक्त सड़क की मरम्मत के लिए वर्षों से संबंधित विभागों और अधिकारियों से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि पीडब्ल्यूडी और मंडी परिषद के अधिकारी सड़क को अपने विभाग के अंतर्गत न बताते हुए एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। इससे सड़क की मरम्मत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। ज्ञापन में ग्राम पंचायत हरपुर से ग्राम पंचायत बन्धुपुर तक करीब तीन किलोमीटर लंबी पिच सड़क की बदहाली का मुद्दा भी उठाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क भी लंबे समय से जर्जर अवस्था में है और जगह-जगह गड्ढे व टूट-फूट होने से स्थानीय लोगों को प्रतिदिन आवागमन में परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष लालचंद्र दुसाध और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से दोनों सड़कों का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराकर संबंधित विभाग का निर्धारण करने तथा शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की कार्रवाई शुरू कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस मौके पर छात्र नेता उदयभान, इंद्रेश विश्वकर्मा, प्रदीप, शैलेंद्र यादव, नागेंद्र यादव, प्रवीण कुमार, उपेंद्र कुमार, रामचन्द्र, अखिलेश, मदन लाल निषाद आदि लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

