बाइक की रफ्तार पर टोका तो मिली जान से मारने की धमकी
बाइक की रफ्तार पर टोका तो मिली जान से मारने की धमकी
संतकबीरनगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र के दीयाबाती गांव में तेज रफ्तार से बाइक चलाने का विरोध करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। विरोध करने पर आरोपित ने न केवल जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दे डाली। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शैलेश कुमार पुत्र जवाहरलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का ही टिल्लू उर्फ अनिरुद्ध पुत्र दुर्गा प्रसाद मिश्र अक्सर उसके घर के सामने से तेज गति से मोटरसाइकिल चलाते हुए गुजरता है, जिससे कई बार हादसा होते-होते बचा है। पीड़ित के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे जब आरोपित फिर तेज रफ्तार में बाइक लेकर घर के सामने से गुजरा तो उसने उसे टोका और बच्चों की सुरक्षा का हवाला देते हुए धीमी गति से चलाने को कहा। इस पर आरोपित भड़क गया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी (सीओ) मेंहदावल द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
