दूध लेने जा रहे युवक पर चाकू से हमला, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
दूध लेने जा रहे युवक पर चाकू से हमला, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
धनघटा/संतकबीरनगर। थाना धनघटा क्षेत्र के प्रजापतिपुर गांव में शनिवार की शाम दूध लेने जा रहे एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां की तहरीर पर धनघटा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रजापतिपुर गांव निवासीनी अकबरी बेगम पत्नी अब्दुल कादिर ने थाना धनघटा में दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि शनिवार की शाम उनका पुत्र मोहम्मद सैफ दूध लेने के लिए घर से निकला था। जब वह गांव स्थित मीट की दुकान के पास पहुंचा, तभी उनके पट्टीदार का पुत्र मोहम्मद आकिब पुत्र मोहम्मद अंसार अहमद वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने मोहम्मद सैफ के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, जब मोहम्मद सैफ ने गाली देने का विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के गले, हाथ, पेट सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। घटना के बाद पीड़िता अकबरी बेगम ने थाना धनघटा पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी मोहम्मद आकिब के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है। इस संबंध में इंस्पेक्टर धनघटा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। वहीं, गांव में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

