कच्ची शराब माफिया पर प्रशासन का ताबड़तोड़ वार
200 किलो महुआ लहन नष्ट, क्षेत्र में मचा हड़कंप
कच्ची शराब माफिया पर प्रशासन का ताबड़तोड़ वार
-200 किलो महुआ लहन नष्ट, क्षेत्र में मचा हड़कंप
धनघटा/संतकबीरनगर। जिलाधिकारी के स्पष्ट आदेशों के अनुपालन में जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत रविवार को बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की गई। जिला आबकारी अधिकारी संत कबीर नगर के कुशल निर्देशन में आबकारी निरीक्षक धनघटा राज किशोर ने आबकारी स्टाफ के साथ पुलिस चैकी लोहरैया इंचार्ज आशुतोष मणि त्रिपाठी एवं पुलिस बल के सहयोग से थाना क्षेत्र के घोराग गांव में सघन दबिश दी। संयुक्त टीम की इस योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान गांव के सुनसान स्थानों और संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली गई। दबिश के दौरान अवैध रूप से तैयार किया जा रहा करीब 200 किलोग्राम महुआ लहन मौके पर बरामद हुआ। आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए बरामद लहन को तत्काल मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जिससे अवैध कच्ची शराब के निर्माण की कोशिशों को पूरी तरह विफल कर दिया गया।
इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लंबे समय से प्रशासन की नजर से बचकर कच्ची शराब का धंधा करने वाले तत्वों को इस कार्रवाई से कड़ा संदेश मिला है कि अब किसी भी कीमत पर गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में आबकारी और पुलिस की सक्रियता चर्चा का विषय बनी रही। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें अवैध शराब के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया।
साथ ही यह अपील की गई कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही हो तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद को अवैध शराब मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में और भी तेज छापेमारी, गश्त और निगरानी की जाएगी। आबकारी विभाग और पुलिस की इस संयुक्त, सख्त और प्रभावी कार्रवाई से जहां आम जनता में सुरक्षा और भरोसे की भावना मजबूत हुई है, वहीं कच्ची शराब के कारोबारियों में दहशत का माहौल बन गया है, जो प्रशासन की इस मुहिम की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
