मेंहदावल में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, दो घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
मेंहदावल में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, दो घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
मेंहदावल में पत्नी को बुलाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, दो घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
मेंहदावल/संतकबीरनगर। नगर के व्यस्त रोडवेज तिराहे के पास गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक अपनी पत्नी को बुलाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और परिजनों के समझाने पर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने चली गई। घटना सहकारी बैंक परिसर के बगल में स्थित मोबाइल टावर की है। दोपहर में युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। नगर के प्रमुख चौराहे पर लोगों की भीड़ लगने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान सूरज पटेल (25) पुत्र जंगली पटेल निवासी औरंगाबाद, बिहार के रूप में हुई है।
वह पत्तल बनाने का कार्य करता है और वर्तमान में मेंहदावल में किराए के मकान में रह रहा है। युवक का कहना था कि उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई है और जब तक उसे वापस नहीं लाया जाएगा, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लगातार युवक से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। इस दौरान स्थानीय लोगों की भारी भीड़ टावर के आसपास जमा रही और किसी अनहोनी की आशंका के चलते प्रशासन सतर्क बना रहा। बाद में युवक के ससुर को मौके पर बुलाया गया। उनके समझाने-बुझाने पर युवक टावर से नीचे उतरने को राजी हो गया। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है।
पूछताछ के लिए उसे थाने लाया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। घटना को लेकर नगर में देर तक चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

