मगहर में सुरक्षा के नाम पर सजा, दुर्गा मंदिर चौराहे पर लोहे की दीवार से हजारों की राह हुई बन्द
मगहर में सुरक्षा के नाम पर सजा-ए-सफरः दुर्गा मंदिर चौराहे पर लोहे की दीवार से हजारों की राह हुई दूभर
संतकबीरनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित दुर्गा मंदिर मगहर चौराहे पर पुलिस प्रशासन द्वारा अचानक खड़ी की गई लोहे की दीवार जनता के लिए जी का जंजाल बन गई है। सुरक्षा का हवाला देकर वर्षों से खुले इस मुख्य रास्ते को बंद करना किसी तुगलकी फरमान से कम नहीं है। इस फैसले ने न केवल मोहनलालपुर, आजादनगर और तिवारी टोला जैसे मोहल्लों का संपर्क काट दिया है, बल्कि व्यापारियों, छात्रों और मजदूरों को 5 किलोमीटर का जानलेवा चक्कर लगाने पर मजबूर कर दिया है। विडंबना देखिए, जहाँ पहले पर्याप्त जगह होने से लोग सुरक्षित सड़क पार करते थे, वहां अब बैरियर लगाकर जनता को उन खतरनाक संकरे यू-टर्न पर भेजा जा रहा है जहाँ हर पल दुर्घटना का अंदेशा रहता है।
-मोदी जी कह रहे तेल बचाओ, संतकबीरनगर पुलिस कह रही 5 किमी फालतू चक्कर लगाओः मगहर में सुरक्षा के नाम पर मौत का जाल
इससे मोदी-योगी सरकार की ईंधन और समय बचाओ मुहिम की भी धज्जियां उड़ रही हैं। सबसे बुरा असर आस्था और आजीविका पर पड़ा है; दुर्गा मंदिर और माँ पटनही के दर्शन को जाने वाले श्रद्धालु और पटना घाट जाने वाले मछुआरे इस बैरियर के कारण भारी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। बुजुर्ग और स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर ऊंचे डिवाइडर फाँदने को मजबूर हैं। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस लोहे की बाधा को तत्काल हटाकर रास्ता सुचारू किया जाए, अन्यथा आक्रोशित जनता सड़क पर उतरने को बाध्य होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
