जनगणना को लेकर मेंहदावल में जागरूकता अभियान तेज, बीईओ ने रैली को किया रवाना
जनगणना को लेकर मेंहदावल में जागरूकता अभियान तेज, बीईओ ने रैली को किया रवाना
-लोगों से सही जानकारी देने और सहयोग करने की अपील
मेंहदावल/संतकबीरनगर। जनगणना अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से विकास खंड मेंहदावल क्षेत्र में मंगलवार को व्यापक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। ब्लॉक संसाधन केंद्र से खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने कस्बे व ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को जनगणना के महत्व के प्रति जागरूक किया। हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लिए बच्चों ने नारे लगाते हुए लोगों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि विकास योजनाओं का सही क्रियान्वयन हो सके। इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय तुलसीपुर के छात्र-छात्राओं ने भी शिक्षकों के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान शिक्षकों ने ग्रामीणों को समझाया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की आधारशिला है। सही जानकारी से ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार जैसी योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू कर पाती है। खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ त्रिपाठी ने बताया कि कई बार लोग भ्रम या संकोच के कारण गलत जानकारी दे देते हैं, जिससे योजनाओं के संचालन पर असर पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना से संबंधित सभी सूचनाएं गोपनीय रखी जाती हैं, इसलिए लोगों को बिना किसी डर के सटीक जानकारी देनी चाहिए। रैली के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि जनगणना में जनसहभागिता जितनी मजबूत होगी, विकास की रफ्तार उतनी ही तेज होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
