संतकबीरनगर एसपी संदीप कुमार के निर्देश पर पुलिस लाइन में हुआ दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल, पुलिस नें उपकरणो के प्रयोग का कराया अभ्यास
पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल, पुलिस बल ने किया उपकरणों के प्रयोग का अभ्यास
संतकबीरनगर। आगामी त्यौहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा किसी भी आकस्मिक एवं विषम परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के कुशल मार्गदर्शन में शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, में पुलिस बल के साथ दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल एवं व्यावहारिक अभ्यास कराया। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दंगा नियंत्रण के दौरान प्रयोग किए जाने वाले विभिन्न दंगा नियंत्रण उपकरणों एवं सुरक्षा संसाधनों के व्यवस्थित एवं प्रभावी उपयोग का अभ्यास कराया गया। अभ्यास के दौरान पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण, उपद्रव की स्थिति में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती तथा परिस्थितियों के अनुरूप समन्वित कार्रवाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान वज्र वाहन के माध्यम से भी आवश्यक ड्रिल एवं फायरिंग अभ्यास कराया गया, जिससे पुलिस बल को आकस्मिक परिस्थितियों में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने तथा त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार किया जा सके। पुलिस अधीक्षक द्वारा मॉक ड्रिल का निरीक्षण करते हुए अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सभी पुलिसकर्मी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। किसी भी अप्रिय अथवा आकस्मिक परिस्थिति में पुलिस बल द्वारा संयम एवं धैर्य बनाए रखते हुए निर्धारित पुलिस प्रक्रिया एवं मानकों के अनुरूप त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मॉक ड्रिल के दौरान क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन रामबली यादव, प्रभारी निरीक्षक धनघटा दिलीप सिंह, थानाध्यक्ष बखिरा उमाशंकर त्रिपाठी, पीआरवो पुलिस अधीक्षक पी.के. गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

