बिजली कटौती से निजात दिलाने को नीलमणि ने अधिशासी अभियंता को सौंपा पत्र
बिजली कटौती से निजात दिलाने को नीलमणि ने अधिशासी अभियंता को सौंपा पत्र
बिजली कटौती से निजात दिलाने को नीलमणि ने अधिशासी अभियंता को सौंपा पत्र
-11 हजार वोल्ट की व्यवस्था को एलटी 440 वोल्ट में बदलने और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग
संतकबीरनगर। नगर पंचायत हैसर बाजार धनघटा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं धनघटा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी नीलमणि ने पहल की है। उन्होंने आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण तथा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर मांग पत्र प्रस्तुत किया। नीलमणि ने मांग पत्र के माध्यम से नगर पंचायत हैसर बाजार धनघटा के विभिन्न वार्डों में हो रही विद्युत कटौती की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर गर्मी और उमस के मौसम में लगातार बिजली कटौती से लोगों की दिनचर्या प्रभावित होने के साथ ही व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ रहा है।
उन्होंने विभिन्न वार्डों में 11,000 वोल्ट की विद्युत व्यवस्था को एलटी 440 वोल्ट में परिवर्तित किए जाने की मांग की, ताकि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुचारु और बेहतर बनाया जा सके। इसके साथ ही जिन वार्डों में विद्युत भार के अनुरूप ट्रांसफार्मरों की क्षमता कम है, वहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराने की भी मांग की गई। नीलमणि ने अधिशासी अभियंता से कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में बढ़ती आबादी और विद्युत कनेक्शनों की संख्या को देखते हुए मौजूदा विद्युत ढांचे को मजबूत किया जाना आवश्यक है। पर्याप्त क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए जाने तथा जर्जर एवं ओवरलोड विद्युत व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाने से बार-बार होने वाली बिजली की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से विद्युत विभाग के अधिकारियों के समक्ष जनहित से जुड़ी समस्याओं को रखा गया है। नीलमणि ने उम्मीद जताई कि विद्युत विभाग द्वारा मांग पत्र में उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था में सुधार होने से नगर पंचायत हैसर बाजार धनघटा के विभिन्न वार्डों के हजारों नागरिकों को लाभ मिलेगा और उन्हें निर्बाध एवं सुचारु बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

