पुलिस ने फरार हत्यारोपी को बारह घंटे में गिरफ्तार कर भेजा जेल
पुलिस ने फरार हत्यारोपी को बारह घंटे में गिरफ्तार कर भेजा जेल
नाथनगर/संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के फरेंदिया गांव में रविवार को पांच हजार रुपये की मांग को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रुपये देने से इनकार करने पर एक युवक ने करीब 70 वर्षीय वृद्ध पर साइकिल में हवा भरने वाले पंप की लोहे की रॉड से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे दो लोगों को भी आरोपी ने रॉड से पीटकर घायल कर दिया। घटना के बाद फरार हुए नामजद आरोपी को महुली पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले की जानकारी देते हुए सीओ अभय नाथ मिश्र ने बताया कि फरेंदिया निवासी राम बचन प्रजापति उम्र करीब सत्तर साल रविवार शाम को गांव के तिराहे पर स्थित एक दुकान पर अपने परिचित नंदलाल भारती और रामउजागीर के साथ बैठे थे। इसी दौरान गांव का ही कुंवर विजय आजाद वहां पहुंचा और वृद्व राम बचन से पांच हजार रुपये मांगने लगा। रुपये देने से मना करने पर आरोपी आग बबूला हो गया। उसने दुकान पर रखे साइकिल में हवा भरने वाले पंप की लोहे की रॉड उठाई और राम बचन के सिर व चेहरे पर कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। राम बचन को बचाने के लिए नंदलाल भारती और रामऊगीर आगे बढ़े तो आरोपी ने उन दोनों पर भी रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल राम बचन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हत्या की सूचना मिलते ही महुली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और चश्मदीदों व घायलों से घटना की जानकारी ली। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार दबिश दी गई। सीओ अभयनाथ मिश्र ने बताया कि पुलिस की सक्रियता का नतीजा रहा कि घटना के करीब 12 घंटे के भीतर ही आरोपी कुंवर विजय आजाद पुत्र सीताराम उम्र करीब 34 वर्ष निवासी फरेंदिया को थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पाण्डेय, हेड कांस्टेबल शम्स तबरेज, हेड कांस्टेबल आनंद दुबे, कांस्टेबल अनुराग मिश्र, कांस्टेबल विकास साहनी और कांस्टेबल सुदीप कुमार ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ और स्थानीय पारिवारिक जानकारी में आरोपी कुंवर विजय आजाद नशे का आदी होने की बात कही जा रही है। पुलिस को उसके व्यवहार को लेकर परिवार और आसपास के लोगों के परेशान रहने की जानकारी भी मिली है। पारिवारिक विवाद और मारपीट से जुड़ी घटनाओं के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। महुली थाने पर मु0अ0सं0 329/2026 के तहत धारा 103(1), 115(2) बीएनएस में अभियोग दर्ज किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

