दिवंगत पत्रकार शोभित पांडेय के परिजनों से केडी यादव ने की मुलाकात, परिवार के साथ खड़े रहने का दिया भरोसा
निर्भीक पत्रकारिता की मिसाल थे शोभित पांडेय, उनकी कलम कभी अपराधियों के सामने नहीं झुकी- केडी यादव
-विश्वनाथपुर गांव पहुंचकर सपा के वरिष्ठ नेता ने दिवंगत पत्रकार के परिजनों से की मुलाकात, हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़े रहने का दिया भरोसा
धनघटा/संतकबीरनगर। दिवंगत पत्रकार शोभित पांडेय के निधन से पत्रकारिता जगत के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में भी शोक की लहर है। उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता केडी यादव विश्वनाथपुर गांव स्थित दिवंगत पत्रकार के आवास पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान केडी यादव ने शोभित पांडेय के व्यक्तित्व, निर्भीक पत्रकारिता और उनके साथ रहे पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि शोभित पांडेय अपराध जगत से जुड़ी खबरों के बेहतरीन और साहसी रिपोर्टर थे। उनकी कलम कभी गुंडे-मवालियों के सामने नहीं झुकी। उन्होंने हमेशा निष्पक्षता, साहस और जिम्मेदारी के साथ पत्रकारिता की। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी लेखनी से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि शोभित पांडेय से उनके शुरुआती दौर से ही अच्छे और आत्मीय संबंध रहे थे। उनकी पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं थी, बल्कि समाज की समस्याओं, अन्याय और अपराध के खिलाफ आवाज उठाने का सशक्त माध्यम थी। उनके निधन से केवल पत्रकारिता जगत ने ही नहीं, बल्कि हर समाज और वर्ग के लोगों ने अपना एक महत्वपूर्ण साथी खो दिया है।
यही वजह है कि आज उनके जाने से हर वर्ग के लोग दुखी हैं। केडी यादव ने कहा कि निर्भीक पत्रकारिता करने वाले लोग समाज की अनमोल धरोहर होते हैं। शोभित पांडेय ने अपनी लेखनी और कार्यशैली से जो पहचान बनाई, उसे लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनका योगदान और उनकी बेबाक पत्रकारिता हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। परिवार को जब भी किसी प्रकार की जरूरत होगी, वह हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। केडी यादव की इस मुलाकात से शोकाकुल परिवार को संबल मिला। गांव में भी दिवंगत पत्रकार के प्रति लोगों की संवेदनाएं और सम्मान देखने को मिला। शोभित पांडेय की निर्भीक लेखनी और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
