दुल्हन लेकर लौट रही कार ट्रक से टकराईं, कार चालक की मौत
दुल्हन लेकर लौट रही कार ट्रक से टकराईं, कार चालक दुल्हे के जीजा की मौत
- भगतां गांव के पास हुई दुर्घटना में दुल्हन समेत तीन गंभीर
नाथनगर/संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर भगता गांव मोड़ के पास बुधवार को एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को चीख-पुकार और मातम में बदल दिया। बस्ती जिले से शादी संपन्न कर दुल्हन को विदा कराकर लौट रही दुल्हे की कार सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। पल भर में हंसी-खुशी का माहौल दर्दनाक त्रासदी में तब्दील हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयावह थी कि कार फिल्मी स्टाइल में करीब 40 फीट पीछे की तरफ सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। कार के परखच्चे उड़ गए और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। गनीमत रही कि कार झाड़ियों में फंस गई। वरना जान-माल का नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। दुर्घटना के बाद सड़क किनारे ट्रक खड़ी कर चालक फरार हो गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। धनघटा थाना क्षेत्र के हैंसर बाजार निवासी अजय सोनी पुत्र स्वर्गीय रामकरन की शादी दुधारा क्षेत्र के दानुकुइया गांव निवासी बबिता पुत्री धुव्र चंद्र के साथ तय थी।
मंगलवार को पूरे हर्षाेल्लास के साथ बारात बस्ती जिले के बड़ेबन स्थित मैरेज हाल पहुंची थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद बुधवार को दुल्हन को विदा कराकर घर के लिए निकले। कार को दूल्हे के जीजा संतोष पुत्र रामचंद्र निवासी पुरा पैकवलिया जनपद बस्ती चला रहे थे। दुल्हन को लेकर घर लौट रही दुल्हे की कार महुली क्षेत्र के भगता गांव मोड़ के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक से कार की सीधे भिड़ंत हो गई। हादसे में दुल्हे के जीजी संतोष जो कार चला रहे थे, दुल्हन बबिता, दूल्हा अजय सोनी और दुल्हे की भांजी नयना गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल भिजवाया। जहां इलाज के दौरान संतोष की मौत होने की बात कही जा रही है, जबकि दूल्हा अजय सोनी, दुल्हन बबिता और भांजी नयना गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। शादी की खुशी मातम में तब्दील हो गई है। पुलिस दोनों बांहों को कब्जे में ले लिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
