महुली पुलिस की सख्ती स्कूल-कॉलेज से बस स्टैंड तक चला सघन चेकिंग अभियान, दो वाहन सीज
महुली पुलिस की सख्ती स्कूल-कॉलेज से बस स्टैंड तक चला सघन चेकिंग अभियान
- दो वाहन सीज कर कार्रवाई, पांच से भरवाया गया माफीनामा
नाथनगर/संतकबीरनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर महुली पुलिस ने गुरुवार को मिशन मजनू अभियान के तहत व्यापक चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया। पुलिस और एंटी रोमियो टीम ने स्कूल-कॉलेज, प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन निगरानी की। अभियान के दौरान संदिग्ध रूप से घूमने वाले लोगों से पूछताछ कर उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई। थानाध्यक्ष दुर्गेश पाण्डेय ने बताया कि पुलिस टीम स्कूल-कॉलेजों के आसपास विशेष सतर्कता बरती। महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी की और अनावश्यक रूप से घूमने वाले युवकों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ये पुलिसकर्मी संवेदनशील स्थानों पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। ताकि महिलाओं एवं बालिकाओं से छेड़छाड़, पीछा करने अथवा अभद्रता जैसी घटनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके। चेकिंग अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहनों को थाने लाकर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना किया गया। अनुचित गतिविधियों में संलिप्त पाए गए पांच व्यक्तियों से माफीनामा भरवाकर भविष्य में ऐसी किसी भी गतिविधि में शामिल न होने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस की कार्रवाई से मनचलों और अराजक तत्वों में खलबली मची रही। सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों और अराजक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार पैनी नजर रखी जाएगी तथा नियम-कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

