संतकबीरनगर# मछली पकड़ने के दौरान नाव से फिसला किशोर, झील में डूबने से मौत
मछली पकड़ने के दौरान नाव से फिसला किशोर, झील में डूबने से मौत
बखिरा/संतकबीरनगर। नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा के वार्ड नंबर 10 स्थित झुगिया मोहल्ला निवासी 18 वर्षीय युवक की शनिवार दोपहर बखिरा मोती झील में डूबने से मौत हो गई। युवक अपने कुछ साथियों के साथ नाव से मछली पकड़ने गया था। ढोढया नहर के पास मछली पकड़ने के दौरान नाव पर पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। झुगिया गांव निवासी विक्रम पुत्र महेंद्र निषाद (18) शनिवार को अपने साथियों के साथ नाव से बखिरा मोती झील में मछली पकड़ने गया था। बताया गया कि सभी लोग ढोढया नहर के पास नाव से मछली पकड़ रहे थे।
इसी दौरान अचानक विक्रम का नाव पर पैर फिसल गया और वह झील के गहरे पानी में गिर गया। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। घटना के बाद साथियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से मोहल्ले में भी मातम पसरा हुआ है। पुलिस के अनुसार 3 अक्टूबर 2026 को करीब 11ः30 बजे ढोढया नहर के पास युवक के डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर मौजूद रही और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
