पिता ने तीन बच्चों की दफनाने की कोशिश, पुलिस ने बचाया जान
बस्ती में दिल दहला देने वाली घटना: पिता ने तीन बच्चों को जिंदा दफनाने की कोशिश, पुलिस ने बचाया
#बस्ती। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के नंदनगर गांव में गुरुवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पिता ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही तीन मासूम बच्चों को जिंदा दफनाने की कोशिश की। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की तत्परता से तीनों बच्चों की जान बच गई।
मामले की जानकारी के अनुसार नंदनगर का रहने वाला इरफान कई दिनों से नशे की हालत में अपने बच्चों को प्रताड़ित कर रहा था। वह भांग के नशे में धुत्त रहता था और झाड़-फूंक का काम भी करता था। पत्नी को भी वह लगातार पीटता था। दो दिन पहले हुई मारपीट के बाद पत्नी अपने मायके चली गई थी, लेकिन तीनों बच्चे—11 वर्षीय माहीनूर, 9 वर्षीय अमीन और 6 वर्षीय महजबीन—घर पर ही रह गए थे।
पत्नी के जाने के बाद इरफान का अत्याचार और बढ़ गया। बच्चों के कपड़े पड़ोसियों द्वारा दिए जाने पर वह उन्हें जला देता था और कड़ाके की ठंड में उन्हें खुले बरामदे में सोने को मजबूर करता था। गुरुवार को उसकी हैवानियत चरम पर पहुंच गई। उसने घर के कमरे में एक बड़ा गड्ढा खोद डाला और बच्चों को पीट-पीटकर उसी गड्ढे में दफनाने की कोशिश करने लगा।
बच्चों की चीखें सुनकर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में घुसकर बच्चों को डरे-सहमे हालत में कमरे से बाहर निकाला। कमरे में बड़ा गड्ढा और पास में फावड़ा बरामद हुआ। इसी दौरान आरोपी इरफान मौके से भाग गया, लेकिन थोड़ी देर बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीओ स्वर्णिम सिंह ने बताया कि पीआरबी को सूचना मिली थी कि आरोपी इरफान अपने बच्चों को प्रताड़ित कर रहा है और किसी गंभीर घटना को अंजाम दे सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और तीनों बच्चों को सुरक्षित बचा लिया। बच्चों की मां को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। गांव में इस घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
