नन्दौर चौराहे पर दर्दनाक हादसाः ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत
नन्दौर चौराहे पर दर्दनाक हादसाः ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत
मेंहदावल/संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से युवक का सिर कुचल गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। यह हादसा नन्दौर चौराहे के पास त्रिपाठी डेंटल क्लिनिक और स्टेट बैंक के समीप सुबह करीब 10 बजे हुआ। मृतक की पहचान सिद्धार्थनगर जिले के जोगिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरहवा निवासी संजय कुमार पुत्र स्वामीनाथ के रूप में हुई है। वह अपनी पल्सर बाइक संख्या यूपी 55 एएल 4187 से बस्ती की ओर से नन्दौर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से आ रहे ट्रेलर संख्या यूपी 51 बीटी 3718 ने पहले हॉर्न बजाया। बाइक सवार ने वाहन किनारे करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान ट्रेलर चालक ने ओवरटेक करते समय बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रेलर के नीचे जा घुसी और ट्रेलर का पहिया युवक के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रेलर चालक को पकड़ लिया था, लेकिन मौके पर भीड़ बढ़ने का फायदा उठाकर चालक फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही बखिरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बखिरा थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रेलर को कब्जे में ले लिया गया है तथा चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नन्दौर चौराहे पर आए दिन जाम और भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने और भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
