पटाखा फैक्ट्री का सीओ मेंहदावल ने किया निरीक्षण
पटाखा फैक्ट्री का सीओ मेंहदावल ने किया निरीक्षण, लाइसेंस व सुरक्षा उपकरणों की जांच
बखिरा/संतकबीरनगर। थाना क्षेत्र में संचालित पटाखा फैक्ट्री एवं निर्माण स्थल पर शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी मेंहदावल ने पुलिस टीम के साथ निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष बखिरा उमाशंकर त्रिपाठी, चौकी प्रभारी बखिरा और पुलिस बल के साथ पहुंचे फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की। इस दौरान मौके पर मौजूद सुरक्षा उपकरणों को चलवाकर उनकी कार्यशीलता भी परखी गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, अग्निशमन उपकरणों और अन्य सुरक्षा संसाधनों की स्थिति देखी। फैक्ट्री संचालन से संबंधित लाइसेंस, अनुमति पत्र और जरूरी अभिलेखों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने निर्माण स्थल के विभिन्न हिस्सों का जायजा लेते हुए यह देखा कि सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं।
सीओ मेंहदावल ने फैक्ट्री संचालक को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखा निर्माण जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी सुरक्षा एवं अग्निशमन उपकरणों को हमेशा दुरुस्त रखने के साथ जरूरत पड़ने पर तत्काल इस्तेमाल योग्य स्थिति में रखने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने आकस्मिक घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना देने के निर्देश भी दिए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस टीम ने पूरे परिसर की व्यवस्था का जायजा लेते हुए संचालक को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी मेंहदावल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई का उद्देश्य पटाखा निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा निर्धारित नियमों के अनुपालन की स्थिति की जांच करना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

