नवोदय की छात्रा ने सम्हाला एक दिन के लिए महुली थाने का प्रभार
नवोदय की छात्रा ने सम्हाला एक दिन के लिए महुली थाने का प्रभार
- मिशन शक्ति 5 फेज 2 के तहत बालिका स्वावलंबन के दृष्टिगत थानाध्यक्ष ने 11वीं की छात्रा को दिया एक दिन का चार्ज
- संगठित अपराध और महिला सुरक्षा पर थानेदार बनी छात्रा के निर्देशों पर अलर्ट मोड में दिखी महुली पुलिस
नाथनगर/संतकबीरनगर। 11वीं की एक छात्रा जब एक दिन के लिए थानाध्यक्ष महुली की कुर्सी पर विराजमान हुई तो महिला सुरक्षा, संगठित अपराध और पीड़ितों को त्वरित न्याय को लेकर उसके तेवर देख पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। 11वीं की छात्रा ने अपराध से जुड़े थाने के सभी अभिलेखों, कंप्यूटर कक्ष, शस्त्रागार, आरक्षी बैरक, लॉकअप सहित पूरे परिसर का निरीक्षण किया। अचानक थानाध्यक्ष की कुर्सी पर एक बालिका को देख तमाम फरियादी भी चकित नजर आए।
शासन ने मिशन शक्ति 5 फेज 2 के तहत बालिका और महिला स्वावलंबन के दृष्टिगत चौत नवरात्र के अवसर पर विभागों को बालिकाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और प्रोत्साहन के लिए कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया था। इसके क्रम में थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय ने शुक्रवार को जवाहर नवोदय विद्यालय जगदीशपुर गौरा की 11वीं की छात्रा आयुषी राय को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष बनाकर उसको प्रेरित करने और बालिका के भीतर आत्मविश्वास पैदा करने का फैसला किया। छात्रा आयुषी राय ने जब महुली थाना कैंपस में प्रवेश किया तो थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने सलामी देकर उसका अभिनंदन किया। सब इंस्पेक्टरों की मीटिंग में थानेदार बनी छात्रा आयुषी ने महिला सुरक्षा, संगठित अपराध रोकने और पीड़ितों को त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। छात्रा आयुषी ने चौत राम नवमी और रमजान पर्व को शांति और सद्भाव के माहौल में निपटाने की रणनीति की भी समीक्षा किया।
थाना क्षेत्र की सीमाओं की पुख्ता निगरानी के बारे में थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय से विचार विमर्श किया। बाद में कंप्यूटर कक्ष, अभिलेखागार, शस्त्रागार, महिला हेल्प डेस्क के साथ साथ आरक्षी बैरक का भी जायजा लिया। थाना परिसर की साफ सफाई और इमारतों के रंग रोगन पर प्रसन्नता व्यक्त किया। एक दिन के लिए महुली थाने का प्रभार लेने के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए आयुषी राय ने कहा कि महिला सुरक्षा के प्रति शासन प्रशासन पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने महिलाओं से भी अपील किया कि खुद को स्वावलंबी बनाने के साथ ही आत्मनिर्भर होने का प्रयास करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि बालिका या महिला शैक्षणिक और मानसिक रूप से मजबूत होगी तो अपराधी उनके इर्द गिर्द भी नही भटक सकता।
कानून व्यवथा के प्रति छात्रा का संकल्प और तेवर देख पुलिस कर्मी भी भौचक नजर आए। क्षेत्र सुरक्षा और गस्त के लिए महुली पुलिस की गाड़ी से जब छात्रा आयुषी राय थानाध्यक्ष की सीट पर बैठ थाना परिसर से बाहर निकली तो उसका आत्मविश्वास बुलंदी के शिखर पर नजर आया। छात्रा आयुषी राय ने कहा कि आज का दिन उसके जीवन का सबसे प्रेरणादाई दिन है। इस पल को अपने जीवन की सफलता के लिए किए जाने वाले हर संघर्ष में याद रखेंगे। थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्राओं में स्वावलंबन के साथ ही आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
