सर्प दंश से सात वर्षीय बालिका की मौत
सर्प दंश से सात वर्षीय बालिका की मौत
- महुली थाना क्षेत्र के अम्मा देई गांव की घटना
- पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुटी
नाथनगर/संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम अम्मादेई में मंगलवार देर रात बिस्तर पर सो रही सात वर्षीय मासूम बालिका को विषैले सांप ने काट लिया। आनन फानन में परिजन उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने मौत होने की पुष्टि कर दी। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। क्षेत्र के ग्राम अम्मा देई निवासी अरुण कुमार की सात वर्षीय पुत्री रिद्धि गौतम मंगलवार देर रात घर में सो रही थी। इसी दौरान उसे किसी विषैले सांप ने डस लिया। कुछ ही देर में बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी, और वह चीखने लगी। आवाज सुनकर परिजन दौड़े और तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जांच के बाद चिकित्सकों ने रिद्धि गौतम को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही महुली पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ पीड़ित परिवार के घर पर जुटी रही। हर किसी की जुबान पर यही सवाल था कि खेल-कूद की उम्र में रिद्धि का यूं असमय चले जाना पूरे गांव को गहरे सदमे में छोड़ गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

