धनघटा में बारात बनी बवाल का मैदानः छेड़छाड़ के विरोध पर युवक की मौत, गांव में तनाव
धनघटा में बारात बनी बवाल का मैदानः छेड़छाड़ के विरोध पर युवक की मौत, गांव में तनाव
धनघटा/थाना क्षेत्र के गायघाट गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात के दौरान कथित छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। हमलावरों ने 20 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में भारी बवाल मच गया और हालात तनावपूर्ण हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गायघाट निवासी सिंटू पुत्र संभल निषाद की बारात तामा गांव निवासी रामबचन निषाद के यहां जा रही थी। उसी दौरान गांव में जोगिंदर की पुत्री प्रीति का विवाह समारोह भी चल रहा था। बारात की विदाई के समय नाच-गाने के बीच अचानक विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने वहां मौजूद लड़कियों से छेड़छाड़ शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विरोध होते ही आरोपी पहले मौके से भाग निकले, लेकिन कुछ देर बाद समर्थकों के साथ लौटकर बारात का रास्ता रोक लिया। बताया जाता है कि इसी दौरान बाइक से पहुंचे अनिल निषाद (20) पुत्र भागीरथी को हमलावरों ने घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी नहीं छोड़ा गया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल अनिल को सीएचसी हैसर बाजार ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान देर रात करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई। अनिल की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। मृतक पक्ष के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उग्र हो गए। गुस्साए लोगों ने आरोपित पक्ष के घर पर धावा बोल दिया, तोड़फोड़ की और कुछ लोगों को बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को भी भीड़ के आक्रोश का सामना करना पड़ा। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जिसके बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया। पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान राजकुमार, मन्टू, आनन्द, बब्बी, सन्नी, तुफानी, कमलेश, सचिन समेत 5-6 अज्ञात लोगों ने मिलकर अनिल पर जानलेवा हमला किया। इस हमले में दीपक, अमित और धीरज भी घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 103(1), 191(2), 191(3), 190, 125, 115(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, मामले में कुछ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल गायघाट गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस प्रशासन हालात को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
