गड्ढे में बालिका का मिला शव, महुली थाना क्षेत्र के महुलिया खुर्द गांव का मामला
गड्ढे में बालिका का मिला शव
- सिर के एक हिस्से में मिला गहरा घाव
- परिजन कुत्तों के हमले से घायल होने की बता रहे वजह
- महुली थाना क्षेत्र के महुलिया खुर्द गांव का मामला
नाथनगर/संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के महुलिया खुर्द गांव में गुरुवार को घर से खेलने निकली आठ वर्षीय बालिका संदिग्ध परिस्थितियों में बाग के एक गड्ढे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। परिजन उसे उपचार के लिए पहले महुली के एक निजी अस्पताल और फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। महुलिया खुर्द गांव निवासी परिजनों के अनुसार मोहम्मद मुश्ताक की आठ वर्षीय पुत्री माहरा खातून गुरुवार को मदरसे से पढ़कर घर लौटी थी। कुछ देर बाद वह अपनी छोटी बहन के साथ घर से थोड़ी दूरी पर स्थित एक बाग में खेलने चली गई। परिजनों के अनुसार कुछ समय बाद बाग की ओर से शोर-शराबे की आवाज सुनाई दी।
जब लोग मौके पर पहुंचे तो माहरा बाग में बने पानी से भरे गड्ढे में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। उसके सिर के एक हिस्से में गहरा घाव था। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए लेकर गए। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता मोहम्मद मुश्ताक सहित कई ग्रामीणों का कहना है कि बालिका पर खूंखार कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हालांकि घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि शाम को बालिका को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल सभी पहलुओं पर की जा रही है। उपनिरीक्षक सोमनाथ मिश्र ने बताया कि परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिये है। कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौप दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

