बाइस वर्षीय युवक का पेड़ से लटका मिला शव, महुली पुलिस को नही दी गई सूचना
महुली थाना क्षेत्र के ग्राम कलान में शनिवार की देर शाम एक हृदय विदारक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर से शौच जाने की बात कहकर निकले 22 वर्षीय दीपक कुमार का शव कुछ देर बाद गांव के सिवान में यूकेलिप्टस के पेड़ से रुमाल के फंदे के सहारे लटकता मिला। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर मानो दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां की चीख-पुकार और पिता की खामोशी देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को नही दी गई है। जानकारी के अनुसार कलान निवासी दीपक कुमार पुत्र पलटन शनिवार रात करीब आठ बजे घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर स्थित सिवान में उसका शव यूकेलिप्टस के पेड़ से लटकता मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में शव को नीचे उतारा गया और देर रात गांव के निकट कुआनो नदी घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। परिजनों के अनुसार दीपक पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। परिवार उसका इलाज भी करा रहा था। अविवाहित दीपक परिवार का दुलारा था। उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
मृतक की मां रामरती देवी बेटे के वियोग में बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। उनकी आंखों से बह रहे आंसू और करुण विलाप वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर रहा था। पिता पलटन गहरे सदमे में खामोश बैठे रहे। उनके चेहरे पर बेटे को खोने का असहनीय दर्द साफ दिखाई दे रहा था। बड़े भाई रोहित कुमार और प्रेम कुमार भी अपने छोटे भाई को खोने के गम में टूट चुके हैं। बहनें प्रेमशीला, शकुंतला और रीना भाई की मौत की खबर सुनकर बिलख उठीं।
राखी पर भाइयों की लंबी उम्र की दुआ मांगने वाली बहनों की आंखों से आंसुओं की धारा थमने का नाम नहीं ले रही थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।। लेकिन जवान बेटे की मौत का दर्द शब्दों में बयां करना किसी के लिए संभव नहीं था। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। इसकी सूचना पुलिस को नही दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

