गाजे बाजे के साथ निकाली गई स्कूल चलो अभियान की रैली
गाजे बाजे के साथ निकाली गई स्कूल चलो अभियान की रैली
- नाथनगर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय से ब्लाक मुख्यालय तक निकाली गई जागरूकता रैली
नाथनगर/संतकबीरनगर। नाथनगर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय से सोमवार को स्कूल चलो अभियान के तहत एक जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली को विधायक गणेश चंद्र चौहान और खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अरुण सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रैली में दर्जन भर परिषदीय विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनके हाथों में सब पढ़ें, सब बढ़ें, बेटी पढ़ेगी, देश बढ़ेगा और शिक्षा है अधिकार, नहीं किसी पर उपकार, जैसे आकर्षक नारे लिखी तख्तियां सभी का ध्यान आकर्षित कर रही थीं। छात्र-छात्राएं पूरे जोश के साथ नारे लगाते हुए विधायक और बीईओ के नेतृत्व में ब्लॉक मुख्यालय तक पैदल पहुंचे। रैली के दौरान गूंजते नारों और बच्चों के अनुशासन ने पूरे माहौल को शिक्षामय बना दिया, जिससे रास्ते भर लोगों का ध्यान इस अभियान की ओर आकर्षित हुआ। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विधायक गणेश चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने जोर दिया कि जब हर बच्चा शिक्षित होगा, तभी देश सशक्त बनेगा और यह हम सभी का कर्तव्य है कि कोई भी बच्चा स्कूल से वंचित न रहे। बीईओ अरुण सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि छः से 14 बर्ष आयु वर्ग के बच्चो को शिक्षा की मुख्य धारा में समाहित किये जाने के उद्देश्य से स्कूल चलो अभियान सरकार द्वारा चलाए जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ना है। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों और समाज से मिलकर इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। जिससे इसका वास्तविक लाभ मिल सके। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक गणेश चंद्र चौहान ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर शिक्षकों द्वारा विधायक गणेश चंद्र चौहान को स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस मौके पर बीडीओ कुलदीप कुमार, शिक्षक अरूण यादव, यशोदानंद त्रिपाठी, नरसिंह चौधरी, राम करन यादव, शैलेन्द्र यादव, विवेक कुमार पांडेय, प्रमोद यादव, सुधांशु पांडेय, बृजेन्द्र गौतम, जया जयसवाल, मनीराम चौधरी, भृगूनाथ पांडेय सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
