संतकबीरनगर सुमित्रा हत्याकांड में पति गिरफ्तार, तीन नामजद अब भी फरार
संतकबीरनगर सुमित्रा हत्याकांड में पति गिरफ्तार, तीन नामजद अब भी फरार
-जिगिना गांव में बंद कमरे से मिला था विवाहिता का सड़ा शव
-मैनसिर पुलिया के पास पुलिस को मिली सफलता
महुली थाना क्षेत्र के जिगिना गांव में तीन दिन पूर्व बंद कमरे से विवाहिता का सड़ा शव मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने शनिवार को मुख्य आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मामले में नामजद तीन अन्य आरोपित अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश देने का दावा कर रही है। विगत 20 मई की सुबह जिगिना गांव स्थित एक मकान में बाहर से ताला लटक रहा था। इसी दौरान घर के अंदर से तेज दुर्गंध उठने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तुड़वाकर कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर विवाहिता सुमित्रा पत्नी श्रीपत का शव सड़ी अवस्था में पड़ा मिला।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। इस मामले में मृतका की मां कमलावती देवी पत्नी रामलगन निवासी मरवटिया की तहरीर पर महुली पुलिस ने पति श्रीपत बेलदार पुत्र दिग्विजय, कौशिल्या पत्नी महेंद्र, संतोषी पत्नी धनपत तथा पप्पू पुत्र नरेश के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने शनिवार को मुख्य आरोपित पति श्रीपत बेलदार को मैनसिर पुलिया के निकट से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई। वहीं मामले में नामजद अन्य तीन आरोपित अभी फरार चल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
