रफ्तार का कहर सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत, मुकदमा दर्ज
रफ्तार का कहर सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत, मुकदमा दर्ज
धनघटा/संतकबीरनगर। थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पीड़ित पिता की तहरीर पर धनघटा पुलिस ने स्कूटी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम एवं पोस्ट रजनौली थाना धनघटा निवासी दिग्विजय राय पुत्र जगपत ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका पुत्र अमित कुमार राय दिनांक 21 मार्च 2026 की रात लगभग 2 बजे खलीलाबाद से अपने घर वापस लौट रहा था। जब वह मुखलिसपुर के आगे प्रजापतीपुर थाना धनघटा क्षेत्र में पहुंचा, तभी पीछे से आ रही स्कूटी संख्या यूपी 53 इ 9489 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए अमित को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अमित कुमार राय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली बाजार ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय संत कबीर नगर रेफर कर दिया गया। बाद में चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दिनांक 2 अप्रैल 2026 को अमित कुमार राय की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। पीड़ित पिता ने बताया कि पुत्र की मौत के बाद परिवार मानसिक रूप से बेहद आहत था तथा क्रियाकर्म में व्यस्त होने के कारण समय से सूचना नहीं दी जा सकी। बाद में उन्होंने लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले में धनघटा पुलिस ने स्कूटी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281 एवं 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्रभारी निरीक्षक धनघटा दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
