पंप सेट बना राहत का सहारा, धनघटा में गर्मी से बेहाल लोग
पंप सेट बना राहत का सहारा, धनघटा में गर्मी से बेहाल लोग
-चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के बीच युवाओं ने निकाला देसी जुगाड़
धनघटा/संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहा है। आसमान से बरसती आग और तेज धूप ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह से ही सूरज के तेवर इतने तल्ख हो जा रहे हैं कि दोपहर होते-होते सड़कें सूनी पड़ जा रही हैं। बाजारों में चहल-पहल कम हो गई है, वहीं ग्रामीण इलाकों में लोग गर्मी से राहत पाने के लिए तरह-तरह के उपाय अपनाने को मजबूर हैं। क्षेत्र में पड़ रही चिलचिलाती गर्मी और उमस ने लोगों की दिनचर्या बदल दी है। खासकर युवा वर्ग गर्मी से बचने के लिए देसी तरीके अपना रहा है। धनघटा क्षेत्र के कई गांवों में युवक खेतों में लगे पंप सेट के नीचे घंटों स्नान कर गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं। दोपहर के समय पंप सेटों के आसपास युवाओं की टोली दिखाई दे रही है, जहां पानी की तेज धार के बीच लोग गर्मी को मात देने की कोशिश कर रहे हैं। क्षेत्र निवासी राजन यादव, धर्मेंद्र, सुनील और बलराम ने बताया कि इस समय गर्मी असहनीय हो चुकी है। घरों के भीतर भी राहत नहीं मिल रही है। बिजली कटौती और उमस ने स्थिति को और कठिन बना दिया है। ऐसे में गांवों में लगे पंप सेट ही राहत का सबसे बड़ा साधन बन गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन सुबह लगभग 11 बजे पंप सेट चालू कर दिया जाता है और दोपहर 3 बजे तक लोग बारी-बारी से स्नान करते रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में बहता ठंडा पानी कुछ समय के लिए गर्मी से राहत जरूर देता है। बच्चे और युवा बड़ी संख्या में पंप सेटों के आसपास जुट रहे हैं।
कई जगहों पर यह नजारा छोटे तालाब या जलक्रीड़ा स्थल जैसा दिखाई दे रहा है। युवाओं का कहना है कि बढ़ती गर्मी में यही सबसे सस्ता और आसान उपाय है। गर्मी का असर केवल लोगों की दिनचर्या तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव पशु-पक्षियों और खेती-किसानी पर भी पड़ रहा है। तेज धूप के कारण खेतों में काम करने वाले किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर के समय मजदूर काम छोड़कर पेड़ों की छांव में आराम करने को मजबूर हैं। स्थानीय चिकित्सकों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार धूप में रहने से हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। ऐसे में धनघटा क्षेत्र के लोगों के लिए पंप सेट का पानी ही इस वक्त सबसे बड़ी राहत साबित हो रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
